बस की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत
धमतरी
पत्नी और पोती को लेकर बाइक में घर जा रहे अधेड़ केवल राम साहू को नगर पंचायत आमदी में हाई स्कूल के पास बस ने ठोकर मार दी और सिर में चोट लगने की वजह से केवल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी और नाती की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद से बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल अजुर्नी पुलिस ने बस को जप्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन में जुट गई है।
ग्राम रजौली के रहने वाले केवल राम साहू (58) अपनी पत्नी और पोती को लेकर मोटर सायकिल क्रमांक सीजी 07 केआर 8715 से घर जा रहे थे। तभी नगर पंचायत आमदी में हाईस्कूल के पास पीछे से आ रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर जा गिरे और सिर में चोट लगने की वजह से केवल राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी और पोती गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अजुर्नी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, वहीं बस को जप्त कर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है। उप निरीक्षक रमेश साहू ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया वहीं परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। बस पायल ट्रैवल्स की है और रायपुर के नंबर से रजिस्टर्ड है, फिलहाल पुलिस ने बस को जप्त कर लिया है।
