जोबट में चुनावी सरगर्मी पहुंची चरम पर, चुनौतियों का समाधान करने मैदान में मुख्यमंत्री

भोपाल
लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जीत के आड़े आने वाली चुनौतियों का समाधान करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहते। इसी के चलते मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार की रात जोबट में नाइट हाल्ट करने वाले हैं वहीं प्रदेश अध्यक्ष शर्मा चौबीस घंटे भोपाल में रुकने के बाद फिर खंडवा पहुंच गए हैं। वे पन्ना समिति और युवा सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान आज सबसे पहले अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा में उदयगढ़ विकास खंड में जनसभा करने पहुंचे। वहां टेकरा गांव में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की 15 माह की सरकार के दौरान आदिवासियों के विकास के लिए योजनाएं बंद करने और भाजपा सरकार द्वारा आदिवासी उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आदिवासियों को छलने का काम करती है जबकि भाजपा आदिवासियों के विकास के लिए काम करती है।

मुख्यमंत्री इसके बाद खटटाली, कट्ठीवाड़ा और चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) में भूरिया कुआं गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत सीएम चौहान पूर्व विधायक माधो सिंह डाबर के निवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान जोबट से भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत का अंतर्विरोध कर रहे भाजपा नेताओं के साथ उनकी बैठक होगी। इसमें वे असंतुष्ट नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। सुलोचना रावत के भाजपा ज्वाइन करने के पहले डाबर की इस सीट से टिकट की दावेदारी मानी जा रही थी। ऐसे में डाबर समर्थकों में आक्रोश है, जिस पर सीएम उनके निवास पर समझाईश देंगे। सीएम कल सुबह जोबट से रैगांव व पृथ्वीपुर में चुनावी सभा के लिए रवाना होंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा तीन दिन तक खरगोन और खंडवा में चुनावी सभाएं और बैठकें करने के बाद रविवार को भोपाल लौटे थे। आज वे फिर खंडवा के लिए रवाना हुए जहां मूंदी में वे पन्ना समिति सम्मेलन में शामिल हुए। शर्मा ने मूंदी मंडल के बूथ अध्यक्ष मनोज जैन के निवास पहुंचकर भोजन किया। इसके बाद वे पुनासा में युवा सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे। वे मूंदी में प्रबुद्ध सम्मेलन, जनसभा को भी संबोधित कर जनसंपर्क करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *