पाकिस्तान के बाद वेस्टइंडीज की ‘डेड पिच’ निशाने पर, फैंस बोले टेस्ट क्रिकेट बर्बाद हो रहा है
नई दिल्ली
पाकिस्तान के बाद वेस्टइंडीज की पिच की भी जमकर आलोचना हो रही है। बारबाडोस में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच जारी दूसरा टेस्ट ड्रॉ की तरफ बढ़ रहा है। पहले चार दिन के खेल में सिर्फ 19 विकेट गिरे और बोर्ड पर कुल 958 रन लगे। इस दौरान इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के 2-2 खिलाड़ियों ने शतक भी जड़े। इससे पहले एंटीगुआ में खेला गया पहला मैच भी ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। पिच से गेंदबाजों को फायदा और 5 दिनों में भी मैच का रिजल्ट ना मिलने से फैंस काफी निराश हैं। सोशल मीडिया पर फैन्स के निशाने पर पाकिस्तान के बाद अब वेस्टइंडीज की फ्लैट और डेड पिच है।
वहीं एक अन्य फैन ने तो बारबाडोस की इस पिच को टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छा विज्ञापन नहीं बताया। फैन ने लिखा "बारबाडोस में एक और धीमी और थकाऊ पिच। खेल के लिए अच्छा विज्ञापन नहीं है।"
बात मुकाबले की करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जो रूट और बेन स्टोक्स के शतक के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 507 रनों पर अपनी पारी घोषित कर दी, इंग्लैंड ने इस दौरान 150.5 ओवर बल्लेबाजी की। वहीं विंडीज की ओर से ब्रेथवेट के अलावा ब्लैकवुड ने शतक जड़ा। मेजबान टीम पहली पारी में 411 रन बना सकी, इस दौरान उन्होंने 187.5 ओवर खेली। इंग्लैंड ने पहली पारी के बाद 96 रनों की लीड हासिल की और दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 40 रन जोड़ लीड को 136 रनों तक पहुंचा दिया है। मैच के आखिरी दिन एकमात्र रिजल्ट ड्रॉ की उम्मीद है।
