ग्वालियर में गर्मी का सितम, जू में लगाए कूलर, जानवरों और चिड़ियों की डाइट बदली

ग्वालियर
ग्वालियर में तेजी से मौसम बदल रहा है। दिन और रात का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो ही रहा है, ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में रह रहे जानवर व पक्षी भी परेशान हैं। यही कारण है कि अब चिड़ियाघर में उनकी डाइट से लेकर दिनचर्या में बदलाव किया गया है। वनराज के लिए कूलर लगाए जा रहे हैं और टाइगर के लिए घास की टटियां लगाई गई हैं। उनके केज के अंदर फव्वारे लगाए गए हैं।

उनकी डाइट में ठोस खाने की अपेक्षा लिक्विड वाले फूड बढ़ा दिए गए हैं जिससे वह डीहाईड्रेट न हो सकें। जानवरों की परेशानी को देखते हुए ग्वालियर के चिड़ियाघर प्रबंधन ने उनके लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इनमें कूलर, लकड़ी की घास से बनी टटियां और स्प्रिंग्लर शामिल हैं। गर्मी का सबसे ज्यादा असर बड़े जानवर जैसे शेर आदि पर होता है। इसलिए वहां कूलर लगाने के साथ ही पानी के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। ग्वालियर चिड़ियाघर में 500 से ज्यादा पक्षी व जानवर है। जिनकी देखभाल करना भी अपने आप में चुनौती है।

जगह-जगह लगाए गए हैं स्प्रिंगलर
ग्वालियर में बढ़ती गर्मी से गांधी प्राणी उद्यान के जानवरों को राहत दिलाने के लिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने सभी बड़े जानवरों व पक्षियों को इस गर्मी में ठंडक पहुंचाने के उपाय शुरू कर दिए हैं। इन सबको लेकर इस गर्मी के प्रभाव बचाने के लिए चिड़ियाघर प्रबंधन ने खुले में घूमने वाले जानवरों के लिए गर्मी से बचाव को लेकर पानी के स्प्रिंगलर लगाए गए हैं। इससे निकली ठंडी फुहारों से जानवर अपने आप को ठंडा करते हैं। साथ ही लगातर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इससे जमीन ठंडी रहती है और हरियाली भी बनी रहती है। पर अभी यह हालात हैं तो आगे क्या होगा यह सोचने वाली बात है।

पिंजरों के बाहर लगाए जा रहे कूलर
ग्वालियर चिड़ियाघर में कई पिंजरों में कूलरों की व्यवस्था की गई है। मोर, तोते प्रजाति के पंछियों के लिए भी उनके पिंजरो के बाहर लकड़ी की टटिया लगाई गई हैं, जिन्हें समय समय पर पानी से गिला किया जाता है, जिससे इन पंछियों को भी लगातार बढ़ती गर्मी में राहत मिल सके, हालांकि चिड़ियाघर प्रबंधन का कहना है कि इस अभी गर्मी में शहर के तापमान और चिड़ियाघर परिसर के तापमान में कुछ डिग्री का अंतर रहता है, लेकिन फिर भी जानवरों को भीषण गर्मी से बचाने के पर्याप्त उपाय किए जा रहे हैं।

ऐसे बढ़ रहा तापमान
ग्वालियर में इन दिनों गर्मी का दौर शुरू हो गया है। रात का तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन का तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है। ऐसे मौसम में आम आदमी की हालत खस्ता हो रही है तो चिड़ियाघर के वनजीवों पर तो असर दिखेगा ही।

खीरा, ककड़ी खिलाए जा रहे
चिड़ियाघर में वन्य जीवों की देखभाल डॉ. गौरव परिहार की निगरानी में होती है। दैनिक भास्कर को गौरव ने बताया कि इस समय चिड़ियाघर में रहने वाले पक्षियों और जानवरों की डाइट में बदलाव किया गया है। अभी उनको पानी की ज्यादा मात्रा वाले खाद्य पदार्थ दिए जा रहे हैं जैसे खीरा, ककड़ी, टमाटर आदि इसके साथ ही ठोस पदार्थ कम कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *