जम्मू-कश्मीर से आ रही बर्फीली ठंडी हवा ने बदला शहर का मौसम

ग्वालियर

ग्वालियर की बीती रात प्रदेश में सबसे ठंडी रात रही है। लगातार दूसरे दिन ग्वालियर सबसे ठंडा रहा है। जम्मू-कश्मीर से आ रही बर्फीली ठंडी हवा ने शहर का मौसम एक दम बदल दिया है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पर आने से रात में कंपाने वाली ठंड की शुरुआत हो गई है। यह तापमान सामान्य से 1.8 डिसे कम रहने से सुबह के समय चुभन बढ़ गई है, दिन में भी उत्तरी हवा चलने से ठंडक का अहसास हो रहा है। गुरुवार को दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, लेकिन यह एक दो दिन में 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। प्रदेश में ग्वालियर की रात सबसे ज्यादा ठंडी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में दिन व रात के तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं।

मौसम विभाग की माने तो इस समय मौसम को प्रभावित करने वाला कोई भी सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस कारण हवा का रुख उत्तर से पश्चिम हो गया है। यह हवा अपने साथ जम्मू कश्मीर से बर्फीली ठंडक लेकर आ रही है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट का दौर जारी है। लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन रात का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जिससे रात को कंपकपाने वाली ठंड लगने लगी है। सड़कों पर अलाव जलते हुए नजर आ रहे हैं।

15 दिसंबर तक ठंड से नहीं राहत
15 दिसंबर तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। नया पश्चिमी विक्षोभ आने तक उत्तरी हवा ऐसे ही चलती रहेगी और ठंड लगातार बढ़ती जाएगी। एक दो दिन में न्यूतनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। उत्तरी हवा से बर्फीली ठंडक बरकरार रहेगी। 15 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना रहेगी।
– पश्चिमी विक्षोभ के कारण रात में राहत की उम्मीद रहेगी, लेकिन दिन में बादल छाने से अधिकतम तापमान घट सकता है, जिससे दिन में कंपकपी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *