चलता हुआ स्कूल बदला शॉपिंग कॉम्पलेक्स में, क्लासरूम को दुकान बनाकर बेचा

लखनऊ
लखनऊ पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के तेलीबाग पुलिस चौकी के अंतर्गत राम भरोसे मैकूलाल इंटर कॉलेज प्रबंधन समिति पर सड़क किनारे बने क्लासरूम में अवैध तरीके से निर्माण कर उसे दुकानदारों को बेचने का आरोप लगा है।  इस मामले में लखनऊ की सह विद्यालय निरीक्षक पूनम शाही ने गुरुवार को विद्यालय का निरीक्षण किया। उनके साथ राजकीय इंटर कालेज हुसैनाबाद के प्रधानाचार्य जयशंकर श्रीवास्तव भी थे।

पूर्व प्रवक्ता ने दर्ज कराया था मुकदमा
मोती लाल गुप्ता, वृंदावन योजना रायबरेली रोड सेक्टर 5 में रहते हैं। वह राम भरोसे मैकूलाल इंटर कालेज के पूर्व प्रवक्ता हैं। सेवा निवृत होने के बाद भी कालेज में बिना कोई शुल्क लिए छात्रों को गणित और हिंदी विषय पढ़ाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के प्रबंधक श्रीकांत साहू, प्राचार्य विमल साहू, प्रबंधन समिति में शामिल अंबर तिवारी और शिक्षक महेंद्र कुमार राम ने मिलीभगत कर के पहले तो बिना किसी आज्ञा के कालेज की जमीनों में दुकान बनवा कर बेच दी। उसके बाद दुकानदारों की डिमांड बढ़ने पर दुकान के पीछे बने शिक्षण कक्ष में बेसमेंट का निर्माण कार्य कराया। दीवार बना कर उसे कक्ष से अलग कर दिया जिसे कभी भी दुकानदारों को सौंपा जा सकता है।

निरीक्षण अधिकारी के सामने ही  शिक्षक भिड़े
जांच करने आए अधिकारियों के सामने ही शिक्षकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। एक गुट ने 112 नंबर पर फोन कर सूचना दी। वहीं दूसरी तरफ से एक दर्जन शिक्षकों ने दूसरे पक्ष के खिलाफ पुलिस चौकी पर तहरीर दी है।

प्रशासन का पक्ष
सह विद्यालय निरीक्षक पूनम शाही ने बताया कि बहुत दिनों से कोरोना की वजह से निरीक्षण नहीं हुआ था और कुछ शिकायतें भी मिली थीं जिन्हें देखा गया है। उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *