राजस्थान-महाराष्ट में ओमिक्रॉन के 10 मरीज स्वस्थ

जयपुर/पुणे
 देश में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच एक और राहत भरी खबर आई है। राजस्थान में ओमिक्रॉन स्वरूप से संक्रमित मिले नौ लोग अब ठीक हो गए हैं। यहां तक कि इन सभी को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने इस संबंध में जानकारी दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले नौ लोगों की दोबारा से परीक्षण किया गया था, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। ओमिक्रॉन संक्रमित मरीजों के ब्लड, सीटी स्कैन और अन्य सभी टेस्ट रिपोर्ट सामान्य आई है। हालांकि फिलहाल सभी को एक सप्ताह के लिए होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है।
 वहीं, सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भंडारी ने कहा कि ओमिक्रॉन स्वरूप को लेकर अभी शोध कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन का प्रसार तेजी से होता है लेकिन यह कोरोना के डेल्टा स्वरूप की तरह घातक नहीं है। गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस के 38 नए केस सामने आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 18 केस जयपुर में रिपोर्ट किए गए हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 260 पहुंच गई है। इससे पहले खबर आई थी कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रहने वाले कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन स्वरूप से संक्रमित प्रदेश के पहले मरीज भी रिकवर कर गया था। उसे भी नकारात्मक जांच रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *