विदिशा को आइडियल सिटी बनाने की घोषणा मजाक, पहले जैत को स्मार्ट सिटी तो बनाये सरकार

भोपाल
शिवराज सिंह की विदिशा को आइडियल सिटी और एजुकेशन हब बनाने की घोषणा को कांग्रेस ने जुमला घोषणा बताया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि कुछ सालों पहले उन्होंने अपने गांव जैत को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की थी। भोपाल को एनवायरनमेंट सिटी, एजुकेशन हब, फिल्म सिटी ,डिजीटल सिटी और  पेरिस बनाने की घोषणा की थी। उज्जैन को नॉलेज सिटी बनाने की घोषणा की थी।मैहर ओर अशोकनगर को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की थी। भोपाल में विश्व स्तरीय अंबानी विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा भी हो चुकी है ।इतनी सारी घोषणाएं अभी झोले में पेंडिंग है ।

तब इन लोक लुभावनी घोषणाओं का औचित्य क्या है? क्या कोई चुनाव नजदीक आ गये हैं क्योंकि चुनाव में या चुनाव के पहले ही घोषणाओं के झोले की चैन आप खोलते हैं। गुप्ता ने कहा कि पूरा प्रदेश अब जुमला घोषणाओं से आक्रांत हो चुका है।
जब भी नई घोषणाएं होतीं हैं, प्रदेश की जनता को लगता है कि कोई उसकी वोट लूटने आने वाला है। जनता के मन से इस अविश्वास के भाव को हटाने की जरूरत है,नई घोषणाओं की नहीं ।

गुप्ता ने आग्रह किया कि प्रदेश में कोरोना के दौरान आये 14लाख मजदूरों का फिर से पलायन हो चुका है।पलायन के कारण 6लाख बच्चों को शाला त्यागनी पड़ी है।प्रदेश के 6 लाख पिछड़ा वर्ग के नीट पास बच्चों को 1200 करोड़ की छात्रवृत्ति नहीं मिली है ।उसकी फिकर क्यों नहीं करती सरकार। शिवराज जी केंद्र स्तर पर जो लंबित योजनाएं और मध्यप्रदेश की राशि लंबित है उन्हें प्राप्त करने में ताकत लगायें तो जरूर प्रदेश का कल्याण हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *