देश में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला शहर बना मेरठ, सर्वे रिपोर्ट में खुलासा

मेरठ
मेरठ शहर, देश का सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाला शहर घोषित हो गया। वहीं स्वच्छता सर्वेक्षण में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में मेरठ को 27वां स्थान मिला है। मेरठ कैंट को देश की 62 छावनियों में स्वच्छता में दूसरा स्थान मिला है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी और शहरी विकास राज्य मंत्री कौशल किशोर ने शनिवार को मेरठ शहर के लिए मेयर सुनीता वर्मा, नगर आयुक्त मनीष बंसल, मेरठ कैंट के लिए अध्यक्ष ब्रिगेडियर अर्जुन सिंह राठौर और सीईओ नवेंद्र नाथ को सम्मानित किया। मेरठ शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में पहली बार कोई पुरस्कार मिला है।

शनिवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 की रैंकिंग की घोषणा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने की। 10 लाख से अधिक आबादी वाले 48 शहरों में स्वच्छता में मेरठ को 27वां स्थान मिला है, जो पिछली बार 41वें स्थान से बेहतर है। वहीं, देश में तेजी से आगे बढ़ने वाले शहर के तौर पर मेरठ को घोषित किया गया है। इसके लिए मेयर सुनीता वर्मा, नगर आयुक्त मनीष बंसल को सम्मानित किया गया। यह सम्मान मेरठ को 10 लाख से अधिक आबादी वाले महानगरों में तेजी से आगे बढ़ने वाले शहर के तौर पर मिला है। हालांकि स्वच्छता के क्षेत्र में अभी मेरठ को काफी काम करने की जरूरत है। 48 शहरों में मेरठ को 27वां स्थान मिला है। स्वच्छता के मामले में मेरठ कैंट ने छलांग लगाई है। तीसरे नंबर से मेरठ कैंट, दिल्ली कैंट को पछाड़ कर दूसरे स्थान पर आ गया। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने मेरठ कैंट के अध्यक्ष ब्रिगेडियर अर्जुन सिंह राठौर, सीईओ नवेन्द्र नाथ की टीम को सम्मानित किया। 62 छावनी में अहमदाबाद नंबर-1 आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *