पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में जीत की प्लानिंग पर भाजपा का फोकस, भोपाल में होगी बैठक

भोपाल
उपचुनावों में जीत के बाद प्रदेश भाजपा संगठन अब विधायकों के कामकाज की समीक्षा करने के साथ पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में जीत की प्लानिंग पर फोकस कर रहा है। चूंकि पंचायत चुनाव इसी साल होना तय है, इसलिए जिला और जनपद पंचायतों में भाजपा समर्थित नेताओं को काबिज कराने पर फोकस किया जाएगा। इसको लेकर पार्टी द्वारा इसी सप्ताह अलग-अलग ग्रुप बनाकर संभागावार भाजपा विधायकों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया गया है। विधायकों से निकाय चुनाव के मद्देनजर समस्याएं पूछने के साथ पार्टी अफसरों को लेकर भी फीडबैक लेगी। साथ ही कमजोर परफार्मेंस वाले विधायकों को उनकी कमजोरी सुधारने के लिए भी कहा जाएगा।

प्रदेश संगठन द्वारा यह बैठक 24 और 25 नवंबर को भोपाल में बुलाई गई है। विधायकों की बैठक के लिए संगठन ने संभाग और जिलों के आधार पर बैठक का शेड्यूल तय किया है। 2 दिन तक चलने वाली बैठक में शामिल होने के लिए सभी भाजपा विधायकों को सूचना दी गई है। बताया जाता है कि 4 दिन पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। शर्मा द्वारा उपचुनाव के दौरान संगठन और जनप्रतिनिधियों के काम की रिपोर्ट भी नड्डा को सौंपी गई है। इस मुलाकात में यह तय हुआ है कि चूंकि अब चुनाव के लिए 2 साल का समय बचा है। ऐसे में क्षेत्र में विधायकों की सक्रियता और उनके जनसंपर्क का फीडबैक लिया जाए। इसके बाद संगठन ने तय किया है कि 2 दिन तक विधायकों की बैठक बुलाकर उन्हें पार्टी के फीडबैक से अवगत कराने के साथ-साथ उनके कामकाज की रिपोर्ट भी दी जाएगी।

बैठक के दौरान विधायकों की कमजोर कड़ी और उनके क्षेत्र में कमजोर परफॉर्मेंस की संगठन के पास मौजूद रिपोर्ट से भी उन्हें अवगत कराया जाएगा और उसमें सुधार के लिए उन्हें कहा जाएगा। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव भी शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री और सह संगठन महामंत्री भी बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक में शिवराज सरकार की योजनाओं को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा और अफसरों को लेकर फीडबैक भी विधायक देंगे। खास तौर पर आदिवासी क्षेत्र के विधायकों पर पार्टी ज्यादा फोकस कर रही है और उनके क्षेत्र की रिपोर्ट सरकार और संगठन के जरिए लेकर योजनाओं के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना चाहती है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बैठक के लिए पूर्व महापौर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और पूर्व जिला व जनपद अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। इनसे पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर अपडेट लेने के बाद पार्टी आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तय करेगी। विकास से जुड़े मुद्दों पर इनका अभिमत लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *