राष्ट्रीय तुलसी एवं देवी अहिल्या सम्मान घोषित

भोपाल

संस्कृति विभाग ने वर्ष 2017 से 2020 तक के राष्ट्रीय तुलसी सम्मान और 2019 एवं 2020 के राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान घोषित किए हैं। राष्ट्रीय तुलसी सम्मान से सम्मानित होने वाले कलाकारों में वर्ष 2017 का सम्मान जयपुर के सुप्रतिष्ठित चित्रकार कैलाश चन्द शर्मा को, वर्ष 2018 का सम्मान राजनांदगाँव के सुप्रतिष्ठित बाँसुरी वादक विक्रम यादव को, वर्ष 2019 का सम्मान रायपुर के ख्यात कबीर गायक डॉ. भारती बंधु को तथा वर्ष 2020 का सम्मान प्रतिष्ठित जनजातीय कलाकार तिलकराम पेंद्राम को प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान से सम्मानित होने वाले कलाकारों में वर्ष 2019 का यह प्रतिष्ठित सम्मान मण्डला की जनजातीय कलाकार सुशांति बाई मरावी को तथा वर्ष 2020 का सम्मान लखनऊ की अवधी, भोजपुरी एवं बुन्देलखंडी शैली की सुविख्यात लोक गायिका सुमालिनी अवस्थी को प्रदान किया जाएगा।

सम्मानित होने वाले कलाकारों का अलंकरण महेश्वर में 19 नवम्बर से आरंभ होने वाले निमाड़ उत्सव के शुभारंभ अवसर पर पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुउषा ठाकुर द्वारा प्रदान किया जायेगा। राष्ट्रीय तुलसी एवं देवी अहिल्या सम्मान से सम्मानित होने वाले कलाकारों को सम्मान स्वरूप 2 लाख की सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका एवं शॉल-श्रीफल प्रदान किया जाता है।

मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष जनजातीय, लोक एवं पारम्परिक कलाओं में उत्कृष्टता और श्रेष्ठ उपलब्धि को सम्मानित करने के लिए वार्षिक राष्ट्रीय तुलसी सम्मान की स्थापना वर्ष 1983 में की गई, जो केवल पुरुष कलाकार को प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय तुलसी सम्मान तीन वर्ष में दो बार प्रदर्शनकारी कलाओं और एक बार रूपंकर कलाओं के लिए दिया जाता है।

इसी प्रकार जनजातीय, लोक एवं पारम्परिक कलाओं के क्षेत्र में महिला कलाकार को सम्मानित करने के लिए राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान की स्थापना विभाग द्वारा वर्ष 1996 में की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *