मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जल संसाधन मंत्री सिलावट ने की भेंट
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। मंत्री सिलावट ने विभाग द्वारा किए जा रहे विकास-कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के जलाशयों में जल-संरक्षण की दृष्टि से प्रदेश के सभी जिलों में दो तालाब चिन्हित करने का निर्देश दिए हैं। इन तालाबों का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और गहरीकरण किया जाएगा।
तालाबों के जीर्णोद्धार से पर्यावरण में आएगा सुधार
मंत्री सिलावट ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में जल-संरक्षण के लिए तालाबों के जीर्णोद्धार और पर्यावरण सुधार के लिए वृहद पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत इंदौर जिले से की जाएगी। सभी जिलों के कलेक्टर और सीईओ जिला पंचायत से चर्चा कर जिले के कम से कम दो तालाबों को पायलट प्रोजेक्ट के रूप लेकर कार्य शुरू किया जाएगा। सभी कार्य मनरेगा और जल संसाधन विभाग के साथ जन-सहयोग से कराये जायेंगे।
