घाटी में नागरिकों की हत्या पर उपराज्यपाल का आतंकियों को ललकार, निर्दोषों के खून की हर बूंद का बदला लेंगे

 श्रीनगर 
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों में आतंकियों ने कई आम नागरिकों को निशाना बनाया है। इसके साथ-साथ आतंकियों से मोर्चा लेते हुए इस महीने कई जवान भी शहीद हो गए हैं। घाटी में आतंकियों की ओर से नागरिकों को निशाना बनाए जाने पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि हम निर्दोष नागरिकों के खून के हर बूंद का बदला लेंगे। सिन्हा ने आतंकियों और उनके हमदर्दों का खात्मा कर अपने लोगों के खून की एक-एक बूंद का बदला लेने का संकल्प भी लिया।

सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की शांति और सामाजिक-आर्थिक प्रगति और लोगों के व्यक्तिगत विकास को बाधित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के तेजी से विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उपराज्यपाल ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'आवाम की आवाज' में घाटी में पिछले 10 दिनों में आतंकवादियों द्वारा अल्पसंख्यकों और गैर-स्थानीय कार्यकर्ताओं सहित नागरिकों की हत्या का जिक्र करते हुए में कहा, 'मैं शहीद नागरिकों को अपनी ओर से श्रद्धांजलि देता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हम आतंकवादियों, उनके हमदर्दों का खात्मा करेंगे और निर्दोष नागरिकों के खून की हर बूंद का बदला लेंगे।' 

उन्होंने कहा, 'हम तेजी से विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और जम्मू-कश्मीर को एक समृद्ध और शांतिपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश के निर्माण का प्रयास करेंगे।' उपराज्यपाल ने लोगों से उन सुरक्षाकर्मियों को याद करने का आग्रह किया जिन्होंने आतंकियों से मोर्चा लेते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उपराज्यपाल ने कहा कि अगले महीने जब हम दीपावली के दीप जलाएं तो सुरक्षा बलों के शहीदों की याद में एक दीया जलाएं। बता दें कि पुंछ जिले में हाल के दिनों में सबसे घातक आतंकवाद विरोधी अभियानों में से एक में सेना के नौ जवानों की जान चली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *