लंबे समय बाद खुला वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, पहले ही दिन पर्यटकों को दिखा बाघ, परिवार संग पहुंचे निगरानी डीएसपी
हरनाटाड़(प.च.)
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) गुरुवार को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पहले दिन ही निगरानी के डीएसपी लव कुमार ने परिवार संग बाघ का रोमांच महसूस किया। कई अन्य पर्यटकों को भी जंगल में बाघ दिखा। निदेशक हेमकांत राय ने बताया कि पहले दिन 97 पर्यटक वीटीआर पहुंचे। साथ ही 14 सफारी का भी रोमांच पर्यटकों ने उठाया।
इसमें वाल्मीकिनगर, मंगुराहा व गोवर्धना वनक्षेत्रों से घुमने वाले पर्यटक शामिल हैं। इससे पूर्व निदेशक, वन क्षेत्र अधिकारी महेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को जंगल सफारी के लिए रवाना किया। निदेशक ने बताया कि पहले दिन वीटीआर के मंगुराहा टूरिज्म सेंटर में 12 पर्यटक पहुंचे और दो जंगल सफारी कराई गई।
गोवर्धना सेंटर पर पांच पर्यटक पहुंचे। यहां से एक जंगल सफारी कराई गई। सबसे अधिक पर्यटक वाल्मीकिनगर पहुंचे। यहां 80 पर्यटक पहुंचे और वीटीआर के सौंदर्य का दीदार किया। यहां से 12 जंगल सफारी कराई गई। तीनों टूरिस्ट सेंटरों में पर्यटकों के लिए पूरी तैयारी की गई थी। उनका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। वहीं मंगुराहा टूरिस्ट सेंटर पर वन क्षेत्र अधिकारी सुनील कुमार पाठक व गोवर्धना टूरिस्ट सेंटर पर वन क्षेत्र अधिकारी सुजीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जंगल सफारी को रवाना किया।
