नगरीय निकायों के 20 हजार खाली पद भरने की कवायद शुरू
भोपाल। नगर निगम नगर पालिका और नगर परिषदों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सीधी भर्ती के करीब 20 हजार रिक्त पदों को भरने की कवायद शुरू हो गई है। इन पदों को प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड पीईबी के माध्यम से भरा जाएगा। प्रदेश के सभी नगर निगमों को एक सप्ताह में इसके प्रस्ताव बनाकर देने के निर्देश दिए गए हैं। रिक्त पदों के प्रस्ताव पीईबी को भेजने के बाद इन्हें अनुकंपा नियुक्ति और नियमितीकरण के माध्यम से नहीं भरा जा सकेगा। ये सभी पद पीईबी परीक्षा के लिए ही सुरक्षित हो जाएंगे। हालांकि कर्मचारी संघ इसका विरोध कर रहा है। नगरीय निकायों में इन श्रेणियों के लगभग 20 हजार पद रिक्त हैं। नगरीय प्रशासन आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने सभी निगम आयुक्तों को रिक्त पदों को भरने के प्रस्ताव प्रशासक की मंजूरी लेने के बाद पीईबी को भेजने के निर्देश दिए हैं।
