कोरोना केस: 24 घंटों में मिले 15981 मामले, 17861 मरीज ठीक
नई दिल्ली
कोरोना वायरस के मामलों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 15981 नए मामले मिले हैं, जबकि 17861 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा कोरोना वायरस की वजह से बीते एक दिन में 166 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी नए आंकड़ों के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,40,53,573 और मृतकों की संख्या 4,51,980 हो गई है।
इसके अलावा कोरोना वायरस से अभी तक 3,33,99,961 मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से कोरोना वायरस के एक्टिव केस कम हुए हैं और फिलहाल यह आंकड़ा 2,01,632 पर पहुंच गया है। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ देशभर में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अब तक वैक्सीन की कुल 97,23,77,045 डोज दी जा चुकी हैं। इनमें से 8,36,118 डोज पिछले 24 घंटों के भीतर दी गई हैं।
महाराष्ट्र में 2,149 नए मामले
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,149 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 65,88,429 हो गई है. इसके अलावा 29 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 1,39,734 तक पहुंच गई है. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1,898 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 64,15,316 हो गई है.
कर्नाटक में 470 नए कोरोना के मरीज मिले
कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 470 जबकि तेलंगाना में 104 नए मामले सामने आए. कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमण के 470 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 29,82,869 जबकि नौ रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 37,931 हो गई. विभाग ने बताया कि दिनभर में 368 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की संख्या 29,35,238 हो गई है. उपचाराधीन रोगियों की संख्या 9,671 है.केरल में शुक्रवार को जहां कोविड-19 से 67 मरीजों की मौत हो गई वहीं, जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटे में महामारी से किसी की मौत नहीं हुई.
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,867 नए मामले आए, जिसके बाद केरल में महामारी की चपेट में आने वालों की कुल संख्या बढ़कर 48,29,565 हो गई है. राज्य में कोविड-19 से अब तक 26,734 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं. राज्य में अभी भी 94,756 मरीज उपचाराधीन हैं.
कल से इतने कम हुए केस
वहीं देश में कल कोरोना (Covid-19) के 16,862 नए मामले सामने आए और 379 लोगों की मौत हुई. रिकवरी रेट फिलहाल 98.07% था जो कि मार्च 2020 से सबसे ज्यादा है. पिछले 24 घंटे में 19,391 लोग कोरोना से ठीक हुए, जिसके बाद ठीक होने वालों की संख्या 3,33,82,100 हो गई थी.वहीं पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम में कोरोना के मामलों में कमी नहीं आ रही है. बृहस्पतिवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,028 नए मामले सामने आए तथा तीन और रोगियों की मौत हो गई. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
