यूजी-पीजी के 90 हजार विद्यार्थियों ने नहीं लिए अभी प्रवेश
भोपाल
सूबे के 1301 कॉलेजों की यूजी-पीजी की सवा 12 लाख सीटों में से 6.30 लाख प्रवेश हुये हैं। अभी भी यूजी-पीजी में करीब 90 हजार विद्यार्थी सत्यापित होने के बाद कॉलेजों में प्रवेश लेने नहीं पहुंचे हैं। कुल 7.86 विद्यार्थी पंजीकृत, जिसमें से 7.20 विद्यार्थी ही सत्यापित हुये हैं। विभाग प्रवेश प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने पर विचार बनाएगा। हालांकि अभी तकनीकी और मेडिकल कोर्स की काउंसलिंग हो रही हैं, जिसके कारण विद्यार्थी उच्च शिक्षा की तरफ रुख नहीं कर रहे हैं। प्रदेश के कॉलेजों में यूजी-पीजी की करीब छह लाख सीटें खाली हैं। अभी तक यूजी में कुल 4.77 लाख और पीजी में कुल 1.53 लाख एडमिशन हुए हैं। इसके बाद भी करीब 90 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराने के बाद प्रवेश लेने के लिये सत्यापन करा लिया है, लेकिन वे प्रवेश लेने कॉलेजों तक नहीं पहुंचे हैं। उन्हें कालेजों तक लाने के लिये विभाग योजना बना रहा है। वहीं तकनीकी शिक्षा विभाग की काउंसलिंग चल रही हैं। इसमें विद्यार्थी फार्मेसी, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, पालीटेक्निक में प्रवेश लेने की व्यवस्था में लगे हुये हैं।
इसके अलावा अभी चिकित्सा शिक्षा, पैरामेडिकल और आयुष की काउंसलिंग शुरू नहीं हो सकी है। इसलिए भी विद्यार्थी उच्च शिक्षा विभाग के कालेजों में जाकर प्रवेश लेने से कतरा रहे हैं।
