हसन अली ने टीम इंडिया को दी चेतावनी- 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की तरह फिर हराएंगे
कराची
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत के खिलाफ रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है। हाल तो ऐसा है कि पाकिस्तान आज तक कभी भारत को वर्ल्ड कप या फिर टी20 वर्ल्ड कप में हरा नहीं पाया है। 2007 टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई हुआ था, लेकिन बॉल आउट में भारत ने वह मैच अपने नाम कर लिया था। इस रिकॉर्ड के बावजूद पाकिस्तान के बॉलिंग ऑलराउंडर हसन अली ने टीम इंडिया को चेताया है और कहा कि हम 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की तरह टी20 वर्ल्ड कप में भारत को हराएंगे। भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में हैं और दोनों टीमों के बीच मैच 24 अक्टूबर को खेला जाएगा।
2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद पाकिस्तानी टीम 50 ओवर के मैचों में दो बार भारत से खेली, लेकिन उसे 2018 में दुबई में एशिया कप और 2019 में मैनचेस्टर में वनडे वर्ल्ड कप दोनों में हार का सामना करना पड़ा। किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तानी खेमे की ओर से काफी बयानबाजी की जाती है। हसन ने बुधवार को कहा, 'जब हमने (2017 में) चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी, तो यह हमारे लिए काफी अच्छा समय था और हम टी20 वर्ल्ड कप में भी फिर से भारत को हराने की कोशिश करेंगे। हम अपना बेस्ट देंगे। भारत के खिलाफ खेलना हमेशा ही दबाव भरा मुकाबला रहता है, क्योंकि दोनों देशों के फैन्स की काफी उम्मीदें लगी होती हैं।'
उन्होंने साथ ही कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा सबसे ज्यादा देखा जाता है। हसन ने कहा, 'यहां तक कि सामान्य तौर पर जो लोग क्रिकेट मैच नहीं देखते, वे भी भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखते हैं, इसलिए खिलाड़ियों पर काफी ज्यादा दबाव होता है लेकिन हम अपना बेस्ट करेंगे।' उन्हें यह भी लगता है कि यूएई में स्पिनरों का दबदबा रहेगा लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि तेज गेंदबाज वहां के सूखे हालात में अच्छा नहीं कर पाएंगे। हसन ने कहा, 'हम जानते हैं कि उन परिस्थितियों में किस तरह की गेंदबाजी की जाए लेकिन हां, आप देख सकते हो कि सभी टीमों ने काफी स्पिनर रखे हैं।'
मिसबाह और वकार के हटने से निराश हैं हसन अली
हसन ने माना कि वह मिसबाह उल हक और वकार यूनिस के वर्ल्ड कप से पहले हेड कोच और बॉलिंग कोच के पद से हटने से काफी निराश थे। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं निराश था क्योंकि वर्ल्ड कप आने वाला है और वे पद छोड़कर चले गए।' हसन ने कहा, 'लेकिन खिलाड़ी के तौर पर यह हमारे हाथ में नहीं है और इसका ध्यान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) रखेगा। हमारा काम खेलना है और पाकिस्तान के लिए अच्छा खेलकर ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना है।'
