सीएम योगी ने पूर्वांचल में जगाई नई उम्मीद, सौगात की आस में काशीवासी
वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काशी में हर माह एक दौरा जरूर हो जाता है लेकिन इस बार उनका आगमन काशीवासियों में नयी उम्मीद जगा रहा है। मौका है, रविवार को नदेसर स्थित होटल ताज गैंगेज में ‘हिन्दुस्तान पूर्वांचल सम्मान समारोह' का। शाम 5.30 बजे से आयोजित समारोह के लिए शहर सजधज कर तैयार है। पहली बार होने जा रहे इस अनूठे आयोजन की शहर के सभी वर्गों में चर्चा है। लोगों में उत्साह भी देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के नाते मुख्यमंत्री का काशी के प्रति काफी गहरा लगाव है। इसलिए वह हमेशा यहां के विकास की चिंता करते हैं। विगत वर्षों में केंद्र व प्रदेश सरकार ने बनारस को केंद्र में रखते हुए पूर्वांचल के बहुआयामी विकास का खाका खींचा है। उसके परिणामस्वरूप आजमगढ़ और सोनभद्र में हवाई अड्डे का विकास हो रहा है। वाराणसी व गाजीपुर में जलपोत टर्मिनल का निर्माण कराया गया है। सरकार अपनी आगामी कार्ययोजना में मिर्जापुर व सोनभद्र को केन्द्रित करते हुए प्राकृतिक टूरिज्म की नीति भी तैयार कर रही है।
शहर के सभ्रांत लोगों का कहना है कि बनारस में इस तरह के आयोजन से निश्चित रूप से पूर्वांचल के विकास की संभावनाओं को नये पंख लगेंगे। पूर्वांचल की चुनौतियों से निपटने में सहायक सकारात्मक व दूरगामी सोच विकसित होगी। जानकारों की नजर में एमएसएमई सेक्टर, कृषि में निवेश को बढ़ावा देने की जरूरत है। जीआई उत्पादों के निर्यात की काफी संभावनाएं हैं। पूर्वांचल के औद्योगिक विकास का ढांचा तैयार करना होगा। हर जिले की राष्ट्रीय पहचान बनाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना होगा। सरकार इसके लिए सम्बंधित सेक्टर से जुड़े लोगों की मदद करे। सरकार का अर्थ गंगा प्रोजेक्ट आर्थिक स्थिति सुधारने में भी काफी मददगार साबित होगा। इससे उम्मीद जगी है कि भविष्य में गंगा पूर्वांचल के लोगों का जीवन बेहतर बनाएगी। ‘हिन्दुस्तान का आयोजन निश्चित ही इसमें चार चांद लगाएगा।
