US दौरे पर भारत के विदेश सचिव ने खोली पोल- अफगान का पड़ोसी है पाक, उसने ही तालिबान को पाला-पोसा
वाशिंगटन
अफगानिस्तान की सत्ता में तालिबान की वापसी के लिए पाकिस्तान ने किस कदर मदद की है, यह किसी से छिपी नहीं है। अफगानिस्तान संकट पर भारत ने अमेरिका में भी इमरान सरकार की पोल खोली है और कहा कि आतंक के आका के नाम से मशहूर पाकिस्तान ने ही तालिबान को पाला-पोसा है। अमेरिका दौरे पर गए भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा कि अमेरिका अफगानिस्तान की स्थिति को बहुत करीब से देख रहा है…पाकिस्तान अफगानिस्तान का पड़ोसी है, उसने ही तालिबान का समर्थन और पोषण किया है। ऐसे कई तत्व हैं जो पाकिस्तान समर्थित हैं- इसलिए इसकी भूमिका को उस संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने आगे कहा कि मुझे नहीं लगता कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सदस्य अफगानिस्तान की स्थिति पर निष्क्रिय हैं। हम (भारत) जमीन पर नहीं हैं, वहां कोई ऐसेट नहीं है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम कुछ नहीं कर रहे हैं, हम अफगानिस्तान में रुचि रखने वाले हर देश के संपर्क में हैं। विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका अफगानिस्तान में पाकिस्तान की गतिविधियों पर करीब से नजर रखे हुए हैं।
