अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा दिखाने वाले नक्शे किए जब्त, भड़का चीन 

बीजिंग 
दूसरों की जमीं पर अक्सर लालची निगाहें रखने वाला चीन अपने ही देश में सच को देखकर भड़क उठा। अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा दिखाने वाले मैप को देखकर चीन ऐसा भड़का कि उसे जब्त ही कर लिया।  दरअसल, चीन में सीमा शुल्क अधिकारियों ने अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा दिखाने वाली विश्व नक्शे की एक बड़ी खेप जब्त की है। इन नक्शों को निर्यात किया जाना था। आधिकारिक मीडिया ने शुक्रवार को यह खबर दी।

चीनी समाचार पत्र द पेपर डॉट सीएन की खबर में कहा गया है कि ये नक्शे करीब 300 निर्यात खेप में 'बेडक्लोथ' के नाम से लपेट कर रखे गये थे, जिन्हें शंघाई पुदोंग हवाईअड्डा पर सीमा शुल्क विभाग ने जब्त कर लिया। शंघाई पुदोंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग द्वारा जांच के दौरान करीब 600 डॉलर मूल्य की इस खेप को जब्त कर लिया गया। दरअसल, चीन, अरुणाचल प्रदेश के दक्षिण तिब्बत का हिस्सा होने का दावा करता है, जिसे भारत सिरे से खारिज करता आ रहा है। भारत का कहना है कि अरूणाचल प्रदेश इसका अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। 

गौरतलब है कि चीन ने 2019 में एक नया कानून पारित कर देश में छापे और बेचे जाने तथा निर्यात किये जाने वाले सभी नक्शों को चीनी नक्शे के आधिकारिक प्रारूप के अनुसार रखे जाने को अनिवार्य बना दिया था। आधिकारिक प्रारूप में अरूणाचल प्रदेश, ताईवान और दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावे को प्रदर्शित किया गया है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *