प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
भोपाल
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 अगस्त तक व्यापक और अत्यधिक भारी (20 सेंटीमीटर से अधिक) बारिश होने की संभावना है। इतना ही नहीं, 31 जुलाई और 3 अगस्त के दौरान खूब बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा में भी 4 अगस्त तक व्यापक बारिश जारी रहेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर मध्य प्रदेश के लगभग आधे हिस्से में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जहां अब तक औसत से तीन फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। अलर्ट की मानें तो आज रीवा, सीधी, सतना, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना सहित 24 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, अशोक नगर, दतिया, श्योपुर, मुरैना और भिंड में भी आज बारिश होगी।
देश के अन्य राज्यों का हाल
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना है। साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, झारखंड, बिहार, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण और गोवा में भारी बारिश के आसार हैं।
