परीक्षार्थियों को टीका लगवाने की सलाह, 23 जुलाई को ऑफलाइन मोड में होगा क्लैट
पटना
कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) की तिथि जारी कर दी गयी है। क्लैट ने परीक्षा प्रणाली में भी बड़ा बदलाव किया है। 23 जुलाई को आयोजित होने वाला क्लैट इस बार ऑफलाइन मोड में होगा। पहले यह परीक्षा 13 जून को आयोजित होने वाली थी। कंसॉर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज ने कहा कि इस बार क्लैट 2021 ऑफलाइन मोड पर लिया जाएगा। पिछले दो सालों से यह परीक्षा ऑनलाइन आयोजित हो रही थी, लेकिन इस बार क्लैट 2021 का आयोजन ऑफलाइन मोड में पेन और पेपर मोड में होगा। इसके साथ ही कंसॉर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज ने कहा है कि संभव हो तो परीक्षार्थी कोरोना का टीका लगवाएं।
अधिकारियों ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन करते हुए क्लैट का आयोजन कराया जाएगा। एग्जाम के लिए जल्द ही एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। एडमिट कार्ड में ही सेंटर की जानकारी दी जाएगी। यह सुनिश्चित किया जायेगा कि एग्जाम सेंटर परीक्षार्थियों के घर से ज्यादा दूरी पर न हो। परीक्षा केंद्र पहले की तुलना में ज्यादा बनाये जायेंगे, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा सके।
