आंगतुकों से कराएंगे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन, मंत्रालय में तैनात होंगे 100 वॉलेंटियर

भोपाल
मंत्रालय में सभी विभागों के कार्यालय है और काफी संख्या में यहां कर्मचारी तैनात है तथा बाहर से भी रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही यहां होती है। ऐसे में कोरोना महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराना जरुरी है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने सौ वालेंटियर्स की तैनाती की है।

लॉकडाउन समाप्त किए के बाद मंत्रालय में इस समय शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ सभी कार्यालयों का संचालन किया जा रहा  है। इसके चलते इस समय मंत्रालय में आवाजाही काफी बढ़ गई है। बाहरी आंगतुकों का प्रवेश भी प्रारंभ हो गया है। रोजाना हजारों की तादाद  में बाहरी लोग भी मंत्रालय आते है। कोरोना की दूसरी लहर में काफी लोग संक्रमित हुए और कोरोना से मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा है।

कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। संक्रमण रोकने के लिए कोरोना प्रोटोकाल के तहत दो गज की दूरी और मास्क लगाना अभी भी जरुरी है। मंत्रालय में कई कर्मचारी इसका पालन नहीं कर रहे है। इसको देखते हुए मंत्रालय में कार्यरत शासकीय कर्मचारियों को वॉलेंटियर्स बनाया गया है।  वल्लभ भवन के पुराने भवन और दोनो एनेक्सी में भूतल से लेकर पांचवे तल तक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वल्लभ भवन एक में 41, वल्लभ भवन दो में 23 और  वल्लभ भवन तीन में 34 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वॉलेंटियर्स के रुप में सहायक ग्रेड दो, तीन, निज सचिव, शीघ्रलेखक, स्टेनोटाईपिस्ट, सहायक अनुभाग अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये मंत्रालय के सभी कर्मचारियों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशों का पालन अपने-अपने तलों पर कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *