कोरोना डेल्टा प्लस वैरिएंट केस में अब कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की पड़ताल
भोपाल
राजधानी में कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट का एक मरीज भेल इलाके के बरखेड़ा पठानी में मिला है। यह मरीज 65 साल की एक महिला है। प्रदेश में खतरनाक डेल्टा प्लस वैरिएंट के मरीज मिलने के कारण प्रशासन हलाकान हो गया है। आज सुबह से जिला और स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें पूरे क्षेत्र में पड़ताल कर रही है। सभी टीमें कोरोना पॉजीटिव मरीज और उनके परिजनों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री पर सावधानी से काम कर रही हैं। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।
पॉजीटिव महिला और परिजन बीते दिनों कहां-कहां गए, किस-किस से मिले। यह सब जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इनके कॉन्टेक्ट में आए लोगों से भी हालचाल पूछे जा रहे हैं। गत दिवस देर रात से प्रशासन इस खतरनाक वैरिएंट के मरीज के मिलने के बाद से खासा परेशान हैं। सभी अफसर इस केस की हिस्ट्री जानकर आला अधिकारियों को साझा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस खतरनाक वैरिएंट के अब तक देश में 6 केस ही सामने आए थे। सातवां केस भोपाल में मिलने के कारण तेजी से पड़ताल की जा रही है।
राजधानी में अनलॉक-2 की छूट के साथ-साथ अब कोरोना संक्रमण भी काफी कम हो गए हैं। शहर में आज मात्र 42 कोरोना पॉजीटिव केस मिले हैं। राहत की बात यह है कि बहुत दिनों बाद कोरोना संक्रमण के कारण किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई। शहर में करीब चार महीने बाद कोरोना पॉजीटिव मरीजों के केस इतने कम मिले हैं। वहीं, शहर में बीते 24 घंटे में 108 कोरोना मरीज रिकवर हुए हैं। ऐसे में अब शहर में एक्टिव केस की संख्या लगभग 1015 है। इसमें से 70 फीसदी मरीज होम आइसोलेशन में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
वहीं, प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या में भी खासी कमी आई है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में करीब 145 नए केस मिले हैं। वहीं, 404 मरीज रिकवर हो गए हैं। हालांकि प्रदेश में कोरोना पॉजीटिव मरीजों के मौत के मामले में कमी नहीं आ रही है। बीते 24 घंटे में करीब 30 मरीजों की मौत हुई है। पूरे प्रदेश में अब 3 हजार ही एक्टिव केस हैं। प्रदेश में करीब दो दर्जन जिलों में कोरोना के एक भी मरीज नहीं मिले हैं।
