मुख्यमंत्री चौहान की केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री सदानन्द गौड़ा से मुलाकात

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी.वी. सदानन्द गौड़ा से मुलाकात कर राज्य में डी.ए.पी. की समस्या से अवगत कराया। मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में बुआई प्रारम्भ होने से डी..ए.पी. की मांग अत्याधिक बढ़ गई है और डी.ए.पी. की कम उपलब्धता के कारण प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर असर पड़ने की संभावना है। मुख्यमंत्री चौहान ने आग्रह किया कि 3.46 लाख मीट्रिक टन डी.ए.पी. तथा 3.84 लाख मीट्रिक टन यूरिया का संशोधित आवंटन शीघ्र जारी किया जाय। साथ ही 25 जून तक डी.ए.पी. अनिवार्यतः राज्य को प्रदाय करवाये, जिससे किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध करवाया जा सके।

बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइसेस पार्क की शीघ्र अनुमति दी जाय

मुख्यमंत्री चौहान ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि  बल्क ड्रग क्षेत्र में आत्म-निर्भरता प्राप्त करने के उद्देश्य से 1276 करोड़ रुपये की लागत का बल्क ड्रग पार्क तथा 193 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल डिवाइसेस पार्क की स्थापना के प्रदेश के प्रस्ताव केन्द्र में लम्बित हैं। इन पार्क की अधोसंरचना का विकास किया जा चुका है। प्रस्तावित उद्योगों के लिए बिजली, पानी एवं जमीन की व्यवस्था की जा चुकी है। मुख्यमंत्री चौहान ने अनुरोध किया कि इसकी शीघ्र अनुमति दी जाये, जिससे निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

केन्द्रीय मंत्री सदानन्द गौड़ा ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार को डी.ए.पी. और यूरिया की कमी नहीं होने दी जायेगी। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही मंत्रालय द्वारा की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *