हिन्दी विवि: उच्च शिक्षा विभाग ने पूर्व आदेश निरस्त कर अंग्रेजी अल्फावेट से भर्ती करने के दिए आदेश
भोपाल
हिंदी विवि में भर्ती शुरू होने के पहले ही विवाद होना शुरू हो गये हैं। भर्ती के लिए तैयार किये गये रोस्टर में विवि को करीब सवा दर्जन आपत्तियां मिली हैं। यूजीसी के आदेश के अंग्रेजी अल्फावेट से बने रोस्टर में पद विभाजित होंगे। इसके बाद भी हिंदी विवि ने उच्च शिक्षा विभाग से हिंदी वर्णमाला में रोस्टर बनाने की स्वीकृति ली। विभाग को जब यूजीसी के नियमों को हवाला दिया गया, जिसके बाद विभाग ने अपने हिंदी वर्णमाला के आदेश को निरस्त कर दिया। अब हिंदी विवि को अंग्रेजी अल्फावेट से रोस्टर तैयार कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करना होगा।
सावधानी बरतते हुये हिंदी विवि ने जेके द्विवेदी पूर्व जज की कमेटी गठित की है। वे सवा दर्जन आपत्तियों को निराकृत करते हुये अंतिम रोस्टर तैयार करेंगे। इसके आधार पर हिंदी विवि डेढ़ दर्जन असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती करने विज्ञापन जारी करेगा।
हिंदी विवि डेढ़ दर्जन असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती करने में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण, छह प्रतिशत निशक्तजन का आरक्षण, ओबीसी को 27 प्रतिशत और ईडब्ल्यूएस आरक्षण को रोस्टर में शामिल नहीं किया गया है।
हिंदी विवि अर्थशास्त्र, इंजीनियरिंग, इतिहास एवं प्राचीन भारतीय इतिहास, कृषि विज्ञान, पत्रकारिता एवं संचार, प्रबंधन एवं वाणिज्य, भारतीय दर्शन एवं ज्ञान परंपरा, भौतिक शास्त्र, योग एवं मानव चेतना, रसायन, वनस्पति, विधि, समाजशास्त्र एवं समाजकार्य, संगणक, हिंदी भाषा एवं अनुवाद, राजनीति विज्ञान एवं लोक प्रशासन तथा प्रणाी शास्त्र के एक-एक पद पर असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती कराएगा।
शासन द्वारा अंग्रेजी अल्फावेट से रोस्टर तैयार करने के लिए आदेशित किया गया है। शासन के आदेश के मुताबिक ही भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
– प्रो. रामदेव भारद्वाज, कुलपति, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विवि
