चार साल के मासूम समेत 11 संक्रमितों की मौत
गोरखपुर
कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से नीचे लुढ़क रहा है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को मरीजों की संख्या करीब आधी रही। हालांकि गिरते ग्राफ के बावजूद बच्चों की मौतों का ग्राफ उपर चढ़ रहा है। गुरुवार को चार साल के मासूम की मौत हो गई। यह कोविड में सातवें मासूम की मौत हैं। जिसमें से छह मासूमों की मौत दूसरी लहर में हुई है।
दूसरी लहर में बीते 72 घंटे में दूसरी बार सबसे कम 106 संक्रमित मिले हैं। इसके पहले बीते सोमवार को इतने ही संक्रमित मिले थे। उससे पूर्व चार अप्रैल को संक्रमितों की संख्या 114 थी। हालांकि मौतों की अभी रोकथाम नहीं हो पा रही है। गुरुवार को चार साल के मासूम सहित 11 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसमें पांच गोरखपुर के हैं। हालांकि मौतों की कुल संख्या पोर्टल पर अपडेट न हो पाने से स्वास्थ्य विभाग ने सिर्फ तीन मौतों की सूचना जारी की है। इसमें दो बीआरडी में व एक निजी अस्पताल में हुई है। जबकि मेमो के अनुसार केवल बीआरडी में गुरुवार को 10 लोगों की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि गुरुवार को मिले संक्रमितों में 63 शहर के हैं। जिले में अब तक 58654 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 653 की मौत हो चुकी है। 55584 ने कोरोना से जंग जीत ली है। 2417 सक्रिय मरीज हैं। उन्होंने लोगों से बचाव की अपील की है। गोरखपुर के शाहपुर व झंगहा निवासी एक-एक महिला बीआरडी मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड में भर्ती थीं। गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र क्रमश: 70 व 61 वर्ष थी। इसी वार्ड में भर्ती चरगांवा के 50 व मोहौली के 60 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हो गई। एक 71 वर्षीय व्यक्ति की निजी अस्पताल में मौत हो गई।
