केंद्रीय कर्मचारियों के वेरिएबल महंगाई भत्ते में वृद्धि की गई,1.5 करोड़ से अधिक को फायदा
नई दिल्ली
कोरोना काल में लगातार लोगों को आर्थिक कमी का सामना करना पड़ रहा है। लाखों लोगों की नौकरियां चली गई है जबकि कई ऐसे भी लोग हैं जिन्हें कई महीनों से वेतन की राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस बीच अब श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। जहां उनकी वेरिएबल महंगाई भत्ते में वृद्धि की गई है। वृद्धि किए गए भत्ते केंद्रीय कामगारों के लिए 1 अप्रैल 2021 से लागू होंगे।
दरअसल श्रम और रोजगार मंत्रालय केंद्रीय सेक्टर में 1.5 करोड़ से अधिक कामगारों के Variable DA 105 बढ़ाकर 210 रुपए प्रति महीना करने का ऐलान किया है। जिसके बाद केंद्रीय क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी और कामगारों के न्यूनतम वेतन की दर में वृद्धि निश्चित है।
इस मामले ने केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार का कहना है विभिन्न अनुसूचित रोजगार से जुड़े कर्मचारियों के लिए यह बड़ा कदम है। इस कदम से देश के 1.5 करोड़ से अधिक श्रमिक, जो केंद्र सरकार के विभिन्न अनुसूचित रोजगार से जुड़े हैं। उनके मुश्किल वक्त में उन्हें मदद मिलेगी। साथ ही वेरिएबल डीए की बढ़ोतरी से उन्हें इस कोरोना काल की मुश्किल वक्त में लड़ने के लिए मदद दी जाएगी।
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार को केंद्रीय सेक्टर के लिए कामगारों के महंगाई भत्ते को 105 रुपए से बढ़ाकर 210 रुपए प्रति महीना करने का ऐलान किया गया है। यह नियम केंद्र सरकार के विभिन्न अनुसूचित रोजगार से जुड़े कर्मचारी के लिए हैं। नियम के तहत केंद्र सरकार के अंतर्गत आने वाले रेलवे, खदान, तेल क्षेत्र और केंद्र सरकार द्वारा स्थापित किए गए निगम के प्राधिकरण के तहत संस्थानों पर लागू किए जाएंगे। साथ ही यह नियम ठेके और अस्थाई दोनों तरह के कर्मचारी पर भी लागू की जाएगी।
