ग्रामीण इलाकों में 70 फीसदी टीकाकरण केंद्र बनाए जाएंगे
पटना
बिहार में कोरोना महामारी की तीसरी लहर के नियंत्रण को लेकर एक ओर जहां संसाधन जुटाने की पहल की जा रही है, वहीं दूसरी ओर टीकाकरण केंद्रों के विस्तार का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के अनुसार राज्य के ग्रामीण इलाकों में कोरोना टीकाकरण की सुविधा पहुंचाने के लिए 70 फीसदी टीकाकरण केंद्र बनाने का निर्देश दिया गया है। अमृत के अनुसार कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में रहने वाली बड़ी आबादी को कोरोना टीकाकरण के माध्यम से सुरक्षित किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 30 फीसदी टीकाकरण केंद्र शहरी इलाकों में बनाये जाएंगे। जहां टीकाकरण कार्य वर्तमान की तरह ही जारी रहेगा।
सूत्रों ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में बनने वाले टीकाकरण केंद्रों में 45 से अधिक उम्र के व्यक्तियों के लिए केंद्र पर ही निबंधन की सुविधा दी जाएगी। ताकि उन्हें कोई असुविधा नहीं हो और वे अपने आधार कार्ड के माध्यम से निबंधन करा सकेंगे। इसके तत्काल बाद उन्हें वहीं टीका दे दिया जाएगा। 18 से 44 साल के व्यक्तियों के लिए ऑनलाइन निबंधन की व्यवस्था लागू रहेगी। जानकारी के अनुसार भारत सरकार के निर्देश के बाद ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण कार्य को तेज किया जाना है। बिहार सहित देश की एक बड़ी आबादी ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण का शिकार हुई है। ऐसे में तीसरी लहर को लेकर सभी सावधानियां बरती जानी हैं।
