नक्सली दासो मुर्मू चढ़ा पुलिस के हत्थे, लंबे समय से दे रहा था चकमा, सीआरपीएफ व पुलिस ने चलाया था अभियान

जमुई  
बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमोरिया पंचायत के बरमोरिया गांव से पुलिस ने  कथित नक्सली दासो मुर्मू को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार नक्सली चकाई थाने में दर्ज एक नक्सल हत्या मामले में आरोपी बताया जाता है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह सीआरपीएफ एवं चकाई पुलिस द्वारा बरमोरिया पंचायत के नक्सल के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में नक्सल मामले के आरोपी बरमोरिया निवासी दासो मुर्मू एवं गुडूरबाद गांव स्थित एक आरा मिल से विस्फोटक बरामदगी मामले में आरोपी मो. ताहिर के घर पर रहने की सूचना मिली। इसके बाद सीआरपीएफ के सहयोग से बरमोरिया गांव से नक्सली दासो मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया। 

वहीं गुडूरबाद गांव निवासी मो. ताहिर सुरक्षा बलों को चकमा देकर घर से भाग निकला। बताते चलें कि तीन साल पूर्व बरमोरिया गांव में जमीन विवाद में एक पक्ष की महिला की नक्सलियों ने पीटकर एवं गर्म पानी डालकर हत्या कर दी थी और शव को बरमोरिया जंगल में गाड़ दिया गया था। बाद में पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गाड़े गए शव को बरामद किया था। इस मामले में कई नामजद सहित अज्ञात नक्सलियों को आरोपी बनाया गया था। इसी मामले में गिरफ्तार दासो मुर्मू को पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *