गुजरात में 2 और मुंबई में एक दिन के लिए रुका वैक्सीनेशन, टीकाकरण अभियान पर ‘तौकते’ का असर

गांधीनगर
कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से देश जूझ ही रहा था कि अब एक नई प्राकृतिक आपदा ने दस्तक दे दी है। अरब सागर से उठे भीषण चक्रवाती तूफान 'तौकते' ने भारत के तटीय राज्यों में तबाही मचाना शुरू कर दिया है। चक्रवात के विनाशकारी संभावनाओं को देखते हुए केरल, कर्नाटक, गुजरात, गोवा , महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। अब तूफान का रुख गुजरात की तरफ मुड़ता दिखाई दे रहा है, भारतीय मौसम विभाग ने 18 मई तक इसके तटीय इलाकों से टकराने की संभावना जताई है। गुजरात में चक्रवाती तूफान तौकते को लेकर राज्य सरकार अलर्ट मोड पर चली गई है, रविवार को मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने उच्च अधिकारियों संग आपात बैठक की। इस मीटिंग में तौकते से निपटने और राहत बचाव संबंधी कई तैयारियों पर चर्चा की गई। इस बीच चक्रवात के चलते प्रदेश में जारी टीकाकरण अभियान को भी रोकना पड़ा है। 

मुख्यमंत्री विजय रुपाणी मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने घोषणा की कि वैक्सीनेशन कार्यक्रम दो दिन के लिए रोक दिया है। गुजरात में अब 17 और 18 मई को होने वाला टीकाकरण रद्द कर दिया गया है, अपॉइनमेंट ने चुके लोगों को अगली जानकारी आने तक इंतजार करना पड़ेगा। 

आईएमडी की चेतावनी के मद्देनजर 580 मरीजों को कोविड-19 देखभाल केंद्रों से स्थानांतरित कर दिया। वहीं रविवार को मुंबई नगरपालिका ने चक्रवाती तूफान तौकते को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनजर शहर में चलाए जा रहे वैक्सीनेशन कार्यक्रम को रोकने का फैसला किया है। बता दें कि यह तीसरी बार है जब टीकाकरण अभियान को 17 मई को भी रोके रखने का फैसला किया गया है। वहीं कर्नाटक में तौकते की वजह से 4 लोग और गोवा में 2 लोगों की जान जा चुकी है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *