लखनऊ में 35 दिन बाद कम आए कोरोना केस, 26 मरीजों की मौत
लखनऊ
लखनऊ में कोरोना का प्रकोप धीरे-धीरे कम हो रहा है। बीते करीब आठ दिन से मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। सोमवार को मरीजों का आंकड़ा 1274 पहुंच गया। करीब 35 दिन बाद मरीजों का ग्राफ इतना नीचे आया है। पिछले सप्ताह तक मरीजों की संख्या 2500 से 2000 के बीच थी। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 21 हजार के करीब पहुंच गई है।
सीएमओ डॉ. संजय भटनागर के मुताबिक मरीजों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आ रही है। मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी संक्रमण का खतरा बिलकुल भी नहीं टला है। इसलिए मास्क जरूर लगाएं। भीड़-भाड़ व बाजार में जाने से बचें। हाथों को समय-समय पर धोते रहें। लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन करें। यदि होम आइसोलेशन में मरीज है तो उसका खयाल रखें। अलग कमरे में मरीज रखे। उसके शौचालय, तौलिया, साबुन आदि अलग कर दें।
