दवा और ऑक्सीजन की किल्लत बर्दाश्त नहीं की जाएगी: CM नीतीश

पटना 
दवा और ऑक्सीजन की किल्लत अब सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सभी आला अधिकारियों से दो टूक कहा कि दवा की उपलब्धता और ऑक्सीजन की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करें। कोरोना संक्रमितों के इलाज में किसी भी तरह की कोताही ना हो। मरीजों की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमेशा तत्पर रहें। वह सोमवार को राज्य में कोरोना संक्रमण से उत्पन्न स्थिति का जायजा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई अहम निर्देश भी दिये। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक बाहर निकालने वाले लोगों पर नजर रखें, ताकि कोरोना के फैलाव को रोका जा सके। प्रशासन और पुलिस कोविड-19 के नियमों सख्ती से पालन कराए। माइक द्वारा गांव-गांव में कोरोना संक्रमण के प्रति लोगों को सतर्क व सजग करने के लिए निरंतर अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि अगल-बगल के गांव और मोहल्लों में कोरोना संक्रमितों की संख्या लोगों को बताएं। संक्रमण के फैलाव के बारे में लोगों को सचेत करते रहें।  
 
बिहार में पिछले 24 घंटे में 11,407 नए संक्रमित मरीजों की पहचान की गई। हालांकि सोमवार को राज्य में 72, 658 सैम्पल की कोरोना जांच की गई। ऐसे में संक्रमण की दर 15.69% रही। 13,603 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो गए, जबकि 82 की मौत हो गई। संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 78.29% रही, जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 1,07,667 हो गई। एक दिन पूर्व रविवार को 89,393 सैम्पल की जांच में 13,534 नए संक्रमित मिले थे, जबकि संक्रमण दर 15.13 फीसदी रही थी। 24 घंटे पहले तक राज्य में कोरोना के कुल 1,09,945 सक्रिय मरीज थे। इस प्रकार, पिछले 24 घंटे में सक्रिय मरीजों की संख्या 2278 कम हो गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *