6 संभागों में तेज हवाओं के साथ-साथ बारिश, सीधी में पारा पहुंचा 41 डिग्री
भोपाल
मध्य प्रदेश में आने वाले कुछ दिन सुहावने हो सकते हैं. सूबे के 6 संभागों में तेज हवाओं के साथ-साथ बारिश और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं. रविवार को भी राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में बारिश हुई और तापमान गिर गया. फिलहाल प्रदेश के सीधी का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, खरगौन और रतलाम का 40.2 डिग्री सेल्सियस है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है. इसका सीधा-सीधा असर मध्य प्रदेश पर पड़ रहा है. इस वजह से मौसम एकदम पलट गया है. तेज हवाएं चल रही हैं और कहीं-कहीं बारिश हो रही है. मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगने वाले 5-6 दिन इसी तरह का मौसम रहेगा.
रविवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ-साथ बारिश हुई. मौसम में ठंडक घुलने के साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिली. भोपाल में 2 मिमी, उज्जैन में 8 मिमी, पचमढ़ी 5मिमी, बैतूल 1 मिमी बारिश हुई. जबलपुर और इंदौर भी भीगे. मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर, शहडोल, सागर, होशंगाबाद, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है.
सीधी का तापमान 41, खरगोन 40.2, रतलाम 40.2, मंडला 39.6, भोपाल 38.6, दमोह 37.5, जबलपुर 36.9, खजुराहो 38. 6, नौगांव 37, रीवा में 37.2, सागर 37.3, उमरिया 37.3, गुना 35.4, दतिया 38.6, ग्वालियर 39 में डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
राजस्थान के कई इलाकों में मौसम ने मिजाज बदला है. जयपुर के साथ हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चित्तौडग़ढ़ में धूलभरी आंधी और बारिश हुई. अचानक मौसम में आए बदलाव से किसानों को नुकसान की खबरें हैं. उनकी मंडियों में रखी उपज भीग गई. शादियों के आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न हो गया. लोगों को आंधी से भारी परेशानी हुई. इससे अभी तक कोई बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.
राजस्थान में के कई इलाकों में मौसम अचानक से अंगड़ाई ली और सूरज ढक गया. बादल काले होने लगे. इसी के साथ तेज धूलभरी आंधी ने लोगों को परेशान कर दिया. श्रीगंगानगर में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बरसात शुरू हो गई. मौसम बिगडऩे से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें छा गईं. इसको लेकर मौसम विभाग ने पहले ही तेज अंधड़ के साथ बारिश की संभावना जता दी थी.
