विधायक त्रिपाठी ने की वेंटिलेटर चालू करवाने की व्यवस्था, आॅक्सीजन की कमी से दो भाजपा नेताओं की मौत
सतना
सतना में दो भाजपा नेताओं की आक्सीजन की कमी से जिला अस्पताल में हुई मौत के बाद स्थानीय प्रशासन में हड़कम्प मचा है। यहां भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र अग्रवाल और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवनीत लटोरिया समेत चार लोगों की मौत बीती रात हुई है। कोरोना पीड़ित इन मरीजों की मौत की वजह आक्सीजन संकट बताया जा रहा है। इसके बाद आज सुबह सतना के स्थानीय प्रशासन ने शहर के एक गोदाम में छापा मारा और 400 आक्सीजन सिलेंडर जब्त किए। ये सिलेंडर विन्ध्या इंजीनियरिंग के बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि नवनीत लटोरिया की पत्नी ने आरोप लगाया है कि वेंटिलेटर सपोर्ट के नाम पर सतना अस्पताल में उनके पति को वाइपैप सपोर्ट दिया गया था। बाद में उसे भी हटा लिया गया। एक अन्य मामले में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने सतना कलेक्टर के धोखे में पूर्व कलेक्टर को फोन आधी रात में लगा दिया और बिलखते हुए अव्यवस्था की कहानी बताई। इसके बाद नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया जिसे रोकने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। उधर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सतना के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र अग्रवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सतना जिला अस्पताल में छह नए वेंटिलेटर समेत नौ वेंटिलेटर होने की जानकारी स्थानीय जनों ने दी है। बताया जाता है कि इनमें से कोई वेंटिलेटर नहीं चलते और मरीज भगवान भरोसे रहते हैं। इसी कारण मरीजों की जान जा रही है। वेंटिलेटर न चलने के पीछे मुख्य वजह स्टाफ की कमी और प्रशिक्षित डॉक्टर्स का इसमें रुचि नहीं लेना बताया जा रहा है जिसका खामियाजा स्थानीय मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। बताया गया कि विधायक नारायण त्रिपाठी ने अपने स्तर पर प्रयास कर ग्वालियर से वेंटिलेटर चालू करने के एक्सपर्ट्स बुलाए हैं जो आज वेंटिलेटर चालू करने में जुटे हैं।
