लॉकडाउन के दौरान पूरे गांव को सोनू सूद देंगे राशन व दवाएं

नीमच
अभिनेता सोनू सूद इस कोरोना काल में एक बार फिर मध्यप्रदेश के लोगों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं। सोनू ने इस लॉकडाउन के दौरान नीमच के एक पूरे गांव लिए राशन और दवाएं देने का ऐलान किया है। अभिनेता सोनू सूद ने टीवी के डांस शो में जब मध्यप्रदेश के नीमच जिले के कलाकार उदय सिंह की कहानी सुनी तो उनकी आंखें भर आईं। उन्होंने मंच से ही घोषणा कर दी कि उदय सिंह के गांव के लोगों के लिए मौजूदा लॉकडाउन के दौरान राशन का प्रबंध करेंगे ।

दरअसल उदय सिंह ने डांस शो के मंच पर सोनू सूद को उनके काम के लिए सलाम करते हुए गरीबी की बात बताई थी। इसके बाद सोनू ने यह घोषणा की। गौरतलब है कि पीछले साल लॉकडाउन में भी सोनू ने मध्यप्रदेश के लोगों की मदद की थी यहां तक की पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भी सोनू से अपने क्षेत्र के लोगों को वापस लाने के लिए मदद मांगी थी जिस पर सोनू ने उनकी भी मदद की थी।

प्रतिभागी ने अपने डांस के बाद सोनू सूद का धन्यवाद करते हुए कहा कि उसकी बस्ती के लोग मजदूरी करते हैं और लॉकडाउन में काफी परेशानी होती है। इस पर सोनू ने कहा कि जब तक लॉकडाउन है, उनके पूरे गांव को राशन वो पहुंचाएंगे। इतना ही नहीं दवाएं भी मुफ्त देंगे।  इस पर प्रतिभागी और उनकी मां भी भावुक हो गईं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उदय सिंह नीमच के एक छोटे से गांव का दिहाड़ी मजदूर है। उसने अपनी प्रस्तुति के पूर्व सोनू सूद को अपने गांव की माली हालत बताई थी। उसने कहा था कि गांव में लोगों के पास खाने को नहीं है। इस पर सोनू ने बगैर देर किए पूरे गांव को राशन पहुंचाने की घोषणा कर दी। यह भी कहा कि वह तब तक ऐसा करेंगे जब तक मौजूदा लॉकडाउन खत्म होकर हालात सामान्य नहीं हो जाते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *