भवानीपुर में अमित शाह ने घर-घर जाकर किया चुनाव प्रचार,बंगाल में चौथे चरण के लिए वोटिंग कल
कोलकाता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit shah) घर-घर जाकर चुनाव प्रचार अभियान के दौरान शुक्रवार को शहर के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी गए, जिसे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamta Banerjee) का गढ़ माना जाता है. शाह ने दक्षिण कोलकाता के इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तथा अभिनेता रुद्रनिल घोष के लिए समर्थन मांगा. इस क्षेत्र में अच्छी-खासी संख्या में गुजराती लोग रहते हैं.
महिलाओं ने शाह के माथे पर तिलक लगाकर और शंख बजाकर उनका स्वागत किया. शाह ने घर घर जाकर लोगों को पार्टी की प्रचार सामग्री वितरित की और अपनी पार्टी के लिए समर्थन मांगा.
हाथ जोड़कर किया लोगों का अभिवादन
इस दौरान शाह ने हाथ जोड़कर स्थानीय निवासियों से 'कमल चिह्नो मी वोट दीजिये' यानी कमल को वोट देने की अपील की. भवानीपुर को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता है. वह इसी सीट से चुनाव लड़ती रही थीं. लेकिन इस बार उन्होंने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा. रुद्रनिल के अलावा तारकेश्वर सीट से भाजपा उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता, पार्टी कार्यकर्ता और राज्य के नेता भी शाह के साथ मौजूद थे.
भाजपा के दो सांसद भी 10 अप्रैल को होने वाले चुनाव में मैदान में है। इस चरण में उत्तर बंगाल में कूचबिहार तथा अलीपुरद्वार जिलों तथा दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और हुगली में 44 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।
निर्वाचन आयोग ने 44 निर्वाचन क्षेत्रों में बनाए 15,940 मतदान केंद्रों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कम से कम 789 टुकड़ियों को तैनात किया है। सीएपीएफ की सबसे अधिक 187 टुकड़ियों की तैनाती कूच बिहार में होगी जहां चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं देखी गई थी। ऐसी ही एक घटना में तृणमूल कांग्रेस के कथित समर्थकों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमला किया था।
इस दौरान शाह क्षेत्र के बाकुलबागन और नजदीकी इलाकों में गए. पुलिस कमांडो और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यक्रम को बाधित किये बिना सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किये.
भवानीपुर में किया बीजेपी की जीत का दावा
शाह ने वहां से जाने से पहले पत्रकारों से कहा, ''मेरी बात लिख लीजिये. भाजपा अन्य सीटों की तरह ही भवानीपुर सीट पर भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाली है.'' इसके बाद शाह ने भवानीपुर के जस्टिस चंद्रमधाब रोड इलाके में भाजपा के वरिष्ठ नेता समरेंद्र प्रसाद बिस्वास के घर में शाकाहारी बंगाली भोजन किया.
