सिगरेट कंपनी के कर्मी को रिवाल्वर सटा 9.80 लाख लूटे

पटना 
बाइक सवार लुटेरों ने आईटीसी कंपनी के कर्मी से नौ लाख अस्सी हजार रुपए लूट लिये। घटना बुधवार की दोपहर बाइपास थाना क्षेत्र के चौकशिकारपुर आरओबी के दक्षिण गुरु गोविंद सिंह लिंक पर घटी। पीड़ित कर्मी जयेश गुप्ता ने बताया कि वह मंसूरगंज मंडी स्थित सिगरेट व्यापारी से रुपए कलेक्शन कर बुधवार की दोपहर करीब दो बजे आरओबी के रास्ते बाइक से बाइपास होते हुए मलाही पकड़ी स्थित कंपनी के कार्यालय में जा रहा था। तभी आरओबी से उतरते ही एक बाइक पर सवार दो लुटेरे आए और ओवरटेक कर उसकी बाइक रोकी। बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे ने रिवॉल्वर सटाकर उससे रुपयों से भरा थैला छीन लिया। इसके बाद दोनों लुटेरे बाइक पर सवार होकर फोरलेन के रास्ते भाग निकले। थैले में नौ लाख अस्सी हजार रुपए थे। वारदात के बाद वह थाना पहुंचा और लूट की जानकारी दी। 

उधर, घटना की जानकारी होते ही बाइपास पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल  और फोरलेन के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। जिससे लुटेरों की पहचान की जा सके। 

कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। -संजीत कुमार, थानाध्यक्ष बाइपास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *