सरकार ने बड़ा फैसला अब दिल्ली में 24 घंटे खुले रहेंगे वैक्सीनेशन सेंटर

दिल्ली

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने कोरोना के खिलाफ जंग तेज कर दी है. अब दिल्ली में 24 घंटे वैक्सीन लगवाने की सेवा उपलब्ध रहेगी. दिल्ली में वैक्सीनेशन गति बढ़ाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. सूबे में अब दिल्ली में अब 24 घंटे टीकाकरण होगा. मंगलवार 6 अप्रैल से दिल्ली सरकार के टीकाकरण केंद्रों में से रोजाना एक तिहाई केंद्र रात के 9:00 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक भी खुले रहेंगे. पहले वैक्सीनेशन सेंटर सुबह 9:00 बजे से लेकर रात के 9:00 बजे तक ही खुले रहते थे.

दिल्ली में कोरोना जांच पर जोर

बता दें कि दिल्ली में पहले से ही कोरोना जांच पर जोर देने का फैसला दिल्ली सरकार ने किया है.  दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली सरकार द्वारा कोरोना टेस्टिंग की संख्या को बढ़ाया गया है और प्रतिदिन 80 हज़ार से भी ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं. दिल्ली में प्रतिदिन देश से 5 गुना ज्यादा कोरोना टेस्ट किये जा रहे है. उन्होंने बताया कि रविवार को पूरे दिल्ली के अंदर 86,899 टेस्ट किए गए.

पीएम मोदी को सीएम केजरीवाल ने लिखा खत

उधर, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली समेत देश भर में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को नियंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर टीकाकरण केंद्र खोलने की शर्तो में छूट देने और टीकाकरण की उम्र सीमा की बाध्यता हटाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि देशभर में नए सिरे से कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने नई चिंता और चुनौती पेश कर दी है. इसलिए हमें टीकाकरण अभियान को और तेजी से आगे बढ़ाना होगा.

सीएम ने पत्र में लिखा है कि अगर नए केंद्र खोलने के नियमों को सरल किया जाता है और सभी को टीका लगाने की इजाजत दी जाती है, तो दिल्ली सरकार सभी दिल्ली वासियों को तीन महीने के अंदर टीका लगा सकती है. सीएम ने आगे लिखा है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हमें हर कदम पर केंद्र का सहयोग मिला है. मैं उम्मीद करता हूं कि आप हमारी इन बातों पर भी गौर करेंगे, जिससे कोरोना के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सके.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *