नशे में ट्रैक पर चढ़ाया ट्रक, दो गैंगमैन ने ट्रैक पर आ रही दो ट्रेनों को दौड़कर रुकवाया

सागर
 जिले के बीना में सुबह-सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जहां नशे में धुत ड्राइवर ने ट्रक को रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया. जिससे दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक एक घंटे तक जाम रहा. उस वक्त अप-डाउन से पैसेंजर ट्रेनें (Passenger trains) आ रही थीं. लेकिन समय रहते इन ट्रेनों को देख दो गैंगमैन (Hanuman) अलग-अलग दिशाओं में भागे और ट्रेनें रुकवाईं.
 ट्रैक पर फंसे ट्रक को देख दो गैंगमैन ने अलग-अलग दिशाओं में करीब 300 मीटर दौड़कर ट्रेनों को रुकवाया।

इस दौरान रेलवे ट्रैक पर करीब एक घंटे तक रेल ट्रैफिक बाधित रहा। वहीं, मौके पर पहुंचे रेल अधिकारियों ने हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटवाया। इसके बाद ट्रैक पर यातायात शुरू हो सका। मौके पर पहुंची आरपीएफ ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया है।

सुबह ट्रक क्रमांक MP 15 G 2686 सागर की ओर से आ रहा था। ट्रक ड्राइवर हीरालाल पटेल नशे में धुत था। इस वजह से सुबह 7:15 बजे उसने पुराने झांसी गेट के पास से ट्रक को रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया। इसी दौरान अप लाइन से कुशीनगर एक्सप्रेस और डाउन लाइन पर सुल्तानपुर एक्सप्रेस आ रही थी।

ट्रैक पर दूर से ट्रेनों को देखकर रेलवे ट्रैक पर मौजूद गैंगमैन महेश व नंदकिशोर अलग-अलग दिशाओं में दौड़ लगाई और लाल झंडी दिखाकर ट्रेनों को करीब 300-300 मीटर दूरी पर रुकवाया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही एडीईएन अरविंद कुमार अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। तुरंत ट्रक को हाइड्रा मशीन की मदद से सुबह 8.16 बजे तक रेलवे ट्रैक से बाहर निकाला गया। फिर कहीं जाकर रेल यातायात शुरू हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *