भाजपा की चुनाव से पहले कुनबा बचाने की तैयारी! हिमाचल प्रदेश में मिशन ‘घर वापसी’ शुरू

शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी सियासी कुनबा बरकरार रखने और बढ़ाने की कोशिश में नजर आ रही है। खबर है कि पार्टी ने 'घर वापसी' मिशन की शुरुआत कर दी है। अब पार्टी के इस पहल को दल छोड़ने वालों तक पहुंचने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। पहाड़ी राज्य में इस साल के अंत तक चुनाव हो सकते हैं।

हाल ही में पार्टी छोड़कर गए कुछ वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा में वापसी की थी। इनमें चेतन बरागटा का नाम शामिल है। बरागटा ने पिता के निधन के बाद जुब्बल-कोठकाई से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उपचुनाव लड़ा था। साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बाहर कर दिया गया था। उनके अलावा हमीरपुर से उर्मिल ठाकुर की भी वापसी हुई है। वहीं, भाजपा ने कांगड़ा से आम आदमी पार्टी के नेता राकेश चौधरी को भी दल में लाने में सफलता हासिल की है। खास बात है कि चौधरी कांग्रेस छोड़कर आप में चले गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, जानकारों का कहना है कि असंतुष्ट नेताओं को दोबारा इस डर के चलते भी शामिल किया गया है कि कुछ और लोग पार्टी छोड़ सकते हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि बीजेपी टिकट की होड़ में लगे कुछ नेताओं के संभावित तौर पर पार्टी छोड़ने का अनुमान लगा रही थी।

खास बात है कि पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खिमी राम और भाजपा के तीन बार के विधायक राकेश वर्मा की पत्नी इंदु वर्मा ने हाल ही में कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसके बाद से ही पार्टी और नेताओं के दल छोड़ने को लेकर सतर्क नजर आ रही है। बुधवार को हुई अहम बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री पीके धूमल, संगठन सचिव पवन राणा, राज्यसभा सदस्य इंदू गोस्वामी और सिकंदर कुमार समेत कई बड़े पदाधिकारी शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *