CDS बिपिन रावत समेत सभी सैन्यकर्मियों के बीमा क्लेम का रिकॉर्ड 30 मिनट में निपटारा
नई दिल्ली
भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की बीते हफ्ते एक हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई थी। उनके साथ उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की जान गई है। सीडीएस बिपिन रावत समेत सभी सैन्यकर्मियों की मौत के बाद बीमा क्लेम का कंपनी ने रिकॉर्ड 30 मिनट में निपटारा किया है। कंपनी ने परिवारों को बीमा की राशि दे दी है।
बीमा कंपनियों न्यू इंडिया एश्योरेंस और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस ने सीडीएस बिपिन रावत, ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर व सात अन्य अफसरों के ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंट (जीपीए) बीमा दावों का भुगतान रिकॉर्ड 30 मिनट के अंदर कर दिया। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक सत्यजीत त्रिपाठी की ओर से जानकारी दी गई है कि 10 दिसंबर को न्यूनतम कागजी कार्यवाही के साथ ही भुगतान कर दिया गया। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस ने जनरल रावत और सात अन्य रक्षाकर्मियों के व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा दावों का निपटारा रिकॉर्ड 30 मिनट में ही कर दिया। इसी तरह न्यू इंडिया एश्योरेंस ने ब्रिगेडियर लिड्डर से संबंधित बीमा राशि का भुगतान एक घंटे के भीतर कर दिया, इसके बाद राशि परिवारों तक पहुंच गई।
सेना के सभी अधिकारियों को जीपीए (ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंट) कवर मिलता है। सेना के जवानों का बीमा कवर न्यू इंडिया इंश्योरेंस और यूनाइटेंड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी की तरफ से किया गया था। दोनों कंपनी ने काफी संवेदनशीलता और तेजी दिखाते हुए बीमा क्लेम का निपटारा किया है।
