मुख्यमंत्री चौहान

ओरछा

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर 10 अप्रैल 2022 को श्रीरामराजा सरकार मंदिर परिसर ओरछा में "श्रीरामराज्य" कला दीर्घा का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर पवित्र नदी बेतवा के तट पर सायंकाल में दीपोत्सव में पाँच लाख दीयों को एक साथ प्रज्ज्वलित कर भगवान श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट की जायेगी। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर भी उपस्थित रहेंगी। मुख्यमंत्री  चौहान के कहा कि पूरे प्रदेश में श्रीराम नवमी का पर्व, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जायेगा। प्रदेश के 12 स्थानों ओरछा, चित्रकूट, उज्जैन, उमरिया, शहडोल, विदिशा, राजगढ़, शिवपुरी, नीमच, रतलाम, छिन्दवाड़ा और पन्ना में ''श्रीराम जन्मोत्सव'' का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

ओरछा मंदिर में "श्रीरामराज्य" कला दीर्घा का लोकार्पण

श्रीरामराजा सरकार मंदिर परिसर ओरछा में संस्कृति विभाग द्वारा भगवान श्रीराम के चरित आधारित "श्रीरामराज्य" कला दीर्घा तैयार की गई है। इसमें भारत के लगभग सभी राज्यों की लोकचित्र शैलियों में भगवान श्रीराम के एक-एक चरित का चित्रांकन किया गया है। भगवान श्रीराम के 36 गुणों और उनकी विशिष्टता को चित्र अभिव्यक्ति दी गई है। साथ ही उनके राज्याभिषेक प्रसंग को झाँकी के रूप में कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। भगवान श्रीराम पूरे देश में मात्र ओरछा में ही राजा के रूप में लोक पूज्य है।

''श्रीराम जन्मोत्सव'' में सांस्कृतिक और कलात्मक आयोजन

श्रीराम नवमी के अवसर पर 10 अप्रैल 2022 को शाम 7 बजे से ''श्रीराम जन्मोत्सव'' मनाया जायेगा। भगवान श्रीराम की महिमा नृत्य, नृत्य नाटिका और संगीत के माध्यम से प्रदर्शित की जायेगी। रामायण के विभिन्न प्रसंग की प्रस्तुतियों सहित भजन संध्या भी होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *