आगरा में भीषण गर्मी, ऐसे ही गर्मी बढ़ती रही तो टूट जाएगा 125 वर्षों का रिकॉर्ड
आगरा
आगरा में भीषण गर्मी हो रही है। दिन में पारा इस साल अब तक के दिनों में सबसे ज्यादा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक लू का कहर फिलहाल चार दिन तक बना रह सकता है। 13 अप्रैल तक लू का अलर्ट जारी किया गया है। रविवार की शुरुआत भी गर्मी के साथ हुई।
शनिवार को शुक्रवार के मुकाबले एक डिग्री की बढ़ोतरी दिन के तापमान में हुई। यह सामान्य से 9 डिग्री ज्यादा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो 122 सालों के रिकॉर्ड के नजदीक पहुंच गया है। 28 अप्रैल, 1979 को तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। यह रिकॉर्ड अब तक टूटा नहीं है।
शनिवार को सामान्य से 9 डिग्री ज्यादा पारा होने से दोपहर में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दिन के साथ रात में पारा 22.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री ऊपर रहा। न ऐसे ही तापमान बढ़ता रहा तो 125 वर्षों का रिकॉर्ड टूट सकता है। रविवार सुबह की शुरुआत भी गर्मी के साथ हुई। आज भी तापमान 45 के आसपास करने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले चार दिनों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है। लू का अलर्ट 13 अप्रैल तक दिया गया है। 12 अप्रैल से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं, पर तापमान में कमी नहीं होगी।
ताजमहल में दोपहर को पसरा सन्नाटा
अप्रैल में भीषण गर्मी का असर ताज पर भी पड़ा है। सुबह 6 से 10 बजे के बीच ताज में सैलानियों की भीड़ रहने लगी है, जबकि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच एकदम सन्नाटा दिखने लगा है। दूरदराज से आने वाले पर्यटक ही दोपहर में दिखते हैं, जिन्हें शाम तक वापस लौटना होता है। दोपहर में तेज धूप के कारण ताज के प्रवेश द्वारों पर शनिवार को एकदम सन्नाटा पसरा रहा, जबकि शाम को भीड़ बढ़ी।
