छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश के शहडोल पहुंचे जंगली हाथियों के झुंड ने पति-पत्नी को कुचला, मौत

शहडोल।
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में हाथियों के झुंड ने महुआ बीनने जंगल गए एक पति-पत्नी को कुचल दिया। हाथियों के इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मुख्य वन संरक्षक पी के वर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ से हाथियों का एक झुंड रविवार रात मध्य प्रदेश आया था। उन्होंने कहा, 'वन परिक्षेत्र अमझोर के अंतर्गत चितरांव गांव के जंगल में महुआ बीनने गए मोतीलाल (60) और उसकी पत्नी मुलिया बाई (55) को हाथियों ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।' वर्मा ने बताया कि हाथियों को देख आसपास महुआ बीन रहे अन्य लोगों ने हल्ला मचाना शुरू किया जिसके बाद हाथी वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि यह घटना सुबह लगभग पांच बजे हुई।

लोगों में खौफ का माहौल
वर्मा ने बताया कि हाथियों के इस झुंड में दो हाथी, दो हथिनी और तीन बच्चे शामिल हैं। वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग का अमला वहां मौजूद है और हाथियों की आवाजाही पर बराबर निगाह रखी जा रही है। वर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजन को वन विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। इस घटना और हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए चितरांव से लगे हुए अन्य गांव के ग्रामीणों में भय व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि महुआ का मौसम होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण अलसुबह महुआ बीनने जंगल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *