एक मई से प्रदेश में जननी एक्सप्रेस और एंबुलेंस के नए वाहन दौड़ेंगे सड़कों पर

भोपाल
 प्रदेश में नए सिरे से जननी एक्सप्रेस और 108 एंबुलेंस वाहनों की लांचिंग 15 से 20 अप्रैल के बीच करने की तैयारी है। करीब 10 दिन में ये वाहन प्रदेश के सभी जिलों में पहुंच जाएंगे। एक मई से यह प्रदेश की सड़कों पर दौड़ने लगेंगे। पहले चरण में 1050 जननी एक्सप्रेस वाहनों में 626 और 1002 एंबुलेंस में से 606 चलने लगेंगी। इसके साथ ही इन वाहनों के जरिए मरीजों के लिए कई सुविधाएं शुरू हो जाएंगी, जो अभी तक नहीं थीं।

 

बता दें कि प्रदेश में अभी 606 एंबुलेंस चल रही हैं, जबकि जननी एक्सप्रेस वाहनों की संख्या 850 है। जननी एक्सप्रेस वाहनों का उपयोग प्रसूताओं को अस्पताल ले जाने और घर पहुंचाने के लिए किया जाता है। इन वाहनों की संख्या पिछले 5 साल में नहीं बढ़ी थी। अब नई कंपनी आने के बाद वाहनों की संख्या बढ़ाने के साथ ही मरीजों के लिए कई सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

 

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रदेश इकाई के अधिकारियों ने बताया 108 एंबुलेंस और जननी एक्सप्रेस वाहनों के संचालन का ठेका छत्तीसगढ़ की जय अंबे कंपनी को दिया गया है। कंपनी 01 मई से काम संभालेगी। पहले चरण के बाद बचे हुए जननी एक्सप्रेस और 108 एंबुलेंस का संचालन एक से दो महीने बाद दूसरे चरण में शुरू कर दिया जाएगा।

नए वाहनों में लोकेशन आधारित सर्विस रहेगी। यानी कॉल करने वाले की लोकेशन पर एंबुलेंस पहुंच जाएगी। अभी जरूरतमंद को फोन कर अपना पता बताना होता है, इसमें 2 से 3 मिनट बेकार हो जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में एंबुलेंस 25 मिनट में और शहरी क्षेत्र में 18 मिनट में पहुंच जाएंगी। अभी यह समय क्रमश: 30 और 20 मिनट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *