भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह तीन दिन के प्रवास पर आएंगे मध्यप्रदेश

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय नेतृत्व में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने वाले अरुण सिंह तीन दिन के प्रवास पर इसी सप्ताह मध्यप्रदेश आने वाले हैं। अरुण सिंह एमपी प्रवास के दौरान सागर और जबलपुर संभाग में बैठकें करेंगे। इस दौरान उनके साथ संगठनात्मक बैठकों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मौजूद रहेंगे। अरुण सिंह प्रवास के दौरान संगठन के कामकाज का फीडबैक लेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को रिपोर्ट देंगे। अरुण सिंह सागर और जबलपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों के जिला अध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों और अन्य नेताओं के साथ संवाद करने के साथ उनसे केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर भी चर्चा करेंगे। सागर में होने वाली बैठक के दौरान सिंह मंडल और बूथ पदाधिकारियों की अलग बैठकें लेंगे। इसके साथ ही पीएम के मन की बात 27 मार्च को कार्यकर्ताओं के साथ सुनेंगे। इसके पहले जबलपुर में भी इसी तरह की बैठकें होंगी।

कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशती समारोह के काम में आएगी तेजी
भाजपा के पितृपुरुष कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशती समारोह के लिए जिला अध्यक्ष और सचिवों की घोषणा के बाद जिलों में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भाजपा संगठन ने कार्ययोजना पर चर्चा की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल समेत समारोह समिति के अन्य सदस्यों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कार्य योजना प्रस्तावों पर चर्चा की। इसके बाद अब अप्रेल से जिलों में कार्यक्रम शुरू होंगे। इस बैठक में समर्पण निधि संग्रहण को लेकर भी चर्चा हुई जिसकी समीक्षा करने का भी निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *