गायत्री प्रजापति की बहू शिल्पा को सपा ने दिया एमएलसी का टिकट
लखनऊ
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति की बहू शिल्पा प्रजापति को अमेठी-सुलतानपुर से विधान परिषद सदस्य पद के लिए टिकट दिया है। वह आज नामांकन दाखिल करेंगी। इससे पहले विधानसभा चुनाव में गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी देवी सपा की टिकट पर अमेठी से विधायाक चुनी गईं। गायत्री प्रजापति रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं.
कौन हैं शिल्पा प्रजापति- समाजशास्त्र से ग्रेजुएट शिल्पा प्रजापति, गायत्री प्रजापति के बड़े बेटे अनिल प्रजापति की पत्नी है। दोनों की शादी फरवरी 2015 में हुई। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2022 में अमेठी सीट से सपा प्रत्याशी व अपनी सास महाराजी देवी के लिए चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने महिलाओं को एकजुट करने में बड़ी भूमिका अदा की। इसके बदौलत अनिल की मां महाराजी देवी ने भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजय सिंह को 18 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया था। ऐसे में पार्टी ने गायत्री प्रजापति की बहू शिल्पा को अमेठी-सुलतानपुर सीट से एमएलसी उम्मीदवार बनाया है।
क्यों जेल में है गायत्री प्रजापति- गायत्री प्रजापति पर चित्रकूट की एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म और नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फरवरी 2017 में लखनऊ एक थाने में गायत्री व अन्य के आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस हुआ। इसके बाद मार्च 2017 में उनकी गिरफ्तारी हुई। उनके खिलाफ खनन घोटाला व आय से अधिक संपत्ति का भी आरोप है।
