पुष्कर सिंह धामी ही होंगे उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री
देहरादून
उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ही राज्य की बागडोर संभालेंगे। सूत्रों के मुताबिक पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह और मीनाक्षी लेखी देहरादून में विधायक दल के साथ बैठक कर उनके नाम का ऐलान करेंगे। उत्तराखंड में बीजेपी ने 23 मार्च को शपथ ग्रहण का कार्यक्रम तय किया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के धामी के नाम पर मुहर लगाने का फैसला करने की एक और बड़ी वजह है कि बीजेपी को पिछले कार्यकाल में बेहद कम समय में दो मुख्यमंत्रियों को बदलने के लिए काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
चार बजे बैठक में होगा औपचारिक चयन
भाजपा ने अपने नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक राज्य मुख्यालय में सोमवार को चार बजे बुलाई है। इस बैठक में नए नेता का औपचारिक चयन किया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि सोमवार को विधानसभा में सभी नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण होगा और इसके बाद विधायक दल की बैठक होगी। भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सांसदों को भी बुलाया गया है।
चुनाव हार गए थे धामी
आपको बता दें कि उत्तराखंड में भाजपा ने शानदार बहुमत तो हासिल कर लिया लेकिन मुख्यमंत्री धामी को खटीमा से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में सरकार का नेतृत्व कौन करेगा, इसे लेकर संशय की स्थिति उत्पन्न हो गई और इसे दूर करने के लिए भाजपा में शीर्ष स्तर पर मंथन का दौर चालू हो गया जो लगातार जारी रहा। कई विधायकों ने धामी के लिए अपनी सीट खाली करने का प्रस्ताव दिया है। 14 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव के इस माह घोषित परिणामों में भाजपा 70 में से 47 सीटों पर जीत हासिल कर लगातार दूसरी बार सत्तासीन होने जा रही है।
यह पहली बार हुआ कि जब उत्तराखंड में किसी दल को लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का अवसर मिला। धामी उत्तराखंड में अब तक के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री हैं। धामी पिछले वर्ष चार जुलाई को तीरथ सिंह रावत के स्थान पर उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री बने थे।
